मुंबईकरों के साथ महाविकास अघाड़ी सरकार का विश्वासघात – मंगल प्रभात लोढ़ा

0
597

मेट्रो कार शेड़ स्थानांतरण के नाम पर मुम्बईकरों की गाढ़ी कमाई डुबाने व मेट्रो योजना को अनिश्चित काल के लिए लटकाने का षड़यंत्र

मुंबईः भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई की ओर से 17 अक्टूबर 2020 को मुंबई में धिक्कार मोर्चा का आयोजन किया गया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के नेतृत्व में हुए आंदोलन में मुंबई मेट्रो कार शेड को आरे कॉलोनी से हटाकर कांजूर मार्ग ले जाने के पीछे अघाड़ी सरकार के प्रतिशोधात्मक रवैये और जनता के गाढ़ी कमाई का होने वाले नुकसान से जनता को अवगत करवाया। मुबई के अंधेरी (ईस्ट) स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा अंधेरी मेट्रो स्टेशन, वर्टेक्स विकास बिल्डिंग के पास, कोर्ट लेन के पास आयोजित इस मोर्चे में भाजपा तथा युवा मोर्चा मुंबई के पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं समेत हजारों लोग भी शामिल हुए।

मोर्चे की अगुवाई करने वाले भाजयुमो, मुंबई के अध्यक्ष तेजिंदर सिंग तिवाना ने कहा कि अगर मेट्रो ३ का निर्माण कार्य विपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस के विकासोन्मुख दृष्टिकोण के हिसाब से चल रहा होता तो, सन 2021 के अंत तक मुंबईकर ट्रैफिक की भीड़भाड़ और शोर से दूर शांति और आराम से मेट्रो में यात्रा कर रहे होते। लेकिन अघाड़ी सरकार को मुंबई की जनता से कुछ लेना देना नहीं है। सरकार अपनी गंदी राजनीति खेलने में व्यस्त है। अच्छा भला मेट्रो का काम चल रहा था। कारशेड का लगभग ७५ फीसदी कार्य हो भी चुका था, लेकिन उसे बीच में रोक कर अब इस कार शेड को आरे कॉलोनी से हटा कर कांजूर मार्ग कर दिया गया। उद्धव ठाकरे सरकार कांजूर मार्ग में जिस भूखंड पर कारशेड बनाना चाहते हैं, वह क़ानूनी दाँवपेंचो में फंसी हुई है और ज़्यादा महंगी है। उनके इस फैसले के कारण अब तो दूर-दूर तक वो दिन दिखाई नहीं दे रहा जब मुंबईकरों को ये मेट्रो की यात्रा नसीब होगी।

महाराष्ट्र विधान परिषद में प्रतिपक्ष नेता प्रवीण दरेकर ने महाविकास अघाड़ी सरकार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह मुंबई की बहुउद्देशीय प्रयोजना मेट्रो लाइन -३ को अधर में लटकाने के लिए उद्धव सरकार का रचा गया बहुत ही बड़ा गंभीर षड़यंत्र है। इस षड़यंत्र में मुंबईकरों की गाढ़ी कमाई डूबने वाली है। साथ-साथ ही उन्हें कई वर्षों तक सड़को पर भारी जाम के बीच धक्के खाने को विवश होना पड़ेगा। आरे कॉलोनी में लगभग नवनिर्मित मेट्रो कार शेड को वहां से कई किलोमीटर दूर कांजूर मार्ग स्थानांतरित करने करने के पीछे महाविकास अघाड़ी सरकार की यह षड़यंत्र स्पष्ट दिख रहा है।

भारतीय जनता पार्टी मुंबई के अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि मुंबई मेट्रो लाइन -३ भारत की वित्तीय राजधानी मानी जाने वाली मुंबई के यातायात का दृश्य पूरी तरह से बदलने की क्षमता रखने वाली परियोजना है। यह कोलाबा, बांद्रा, सीप्ज होकर जाने वाला 33.50 किलोमीटर लंबा मार्ग है। जिससे बृहन्मुंबई की यातायात की रुकावटें काफी हद तक कम हो सकती है। लेकिन अफसोस अघाड़ी सरकार खुद ही मुंबईकरों के जीवन की इस नई लाइफ लाइन में रुकावट बन कर खड़ी हो गई है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय विधायक अमित साटम, नगरसेवक सुनील यादव, नगरसेवक अभिजीत सामंत, नगरसेवक पंकज यादव, जिला अध्यक्ष संतोष मेढेकर समेत बड़ी संख्या में भाजपा, मुंबई और भाजयुमो मुंबई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।